बांदा। हाेलिका दहन की रात साफी से गला दबाकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। आरोपी ने खेत की बटाई के विवाद और बहन को अपशब्द कहने पर हत्या की थी।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि 13/14 मार्च को होलिका दहन की रात बिसंडा थाना क्षेत्र के सिकलोढ़ी गांव के ही अभिलाष का शव मिला था। अभिलाष के भाई संतोष सिंह ने गांव के ही देवचरन पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बिसंडा पुलिस ने रविवार को आरोपी सुरजा को सिकलोढ़ी गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता ने अभिलाष के पिता से दो साल पहले पांच बीघा खेत बटाई में लिया था। इससे उनका गुजारा चलता था। एक साल बाद फसल में घपलेबाजी करने का आरोप लगाकर खेत वापस लेकर दूसरे को दे दिया। इसी बात को लेकर आरोपी देवचरन व अभिलाष के बीच विवाद भी हुआ था। 13 मार्च को अभिलाष को होलिका दहन दिखाने के लिए सुरजा अपने साथ ले गया था। गांव के ही अन्य व्यक्तियों के साथ पंचायत भवन में जाकर सभी ने शराब भी पी थी। उसी दौरान उनके बीच बटाई की बात लेकर विवाद हो गया, वहां मौजूद लोगों ने शांत करा दिया। इसके बाद घर लौटते समय अभिलाष ने सुरजा की बहन के बारे में अपशब्द कह दिया। जिस पर सुरजा ने अभिलाष के एक थप्पड़ मारा और वह खंभे से टकरा गिर गया तब सुरजा ने उसके ऊपर चढ़कर मुंह दबाकर मार पीटकर साफी से गला दबाकर हत्या कर दी थी।