चित्रकूट। आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग की बेटियों के विवाह के लिए सरकार आर्थिक अनुदान देगी। इस योजना में चित्रकूट धाम मंडल को चालू वित्तीय वर्ष में 2696 ओबीसी बेटियों के विवाह के लिए लक्ष्य मिला है, जिसके लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया है। अकेले चित्रकूट जिले में 430 पिछड़ा वर्ग की कन्याओं के विवाह के लिए 86 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।
यह योजना पिछड़ा वर्ग के उन परिवारों की सहायता के लिए है जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। योजना के तहत, एक कन्या को विवाह अनुदान के रूप में 20 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाती है। एक परिवार अधिकतम दो कन्याओं को इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र है। निराश्रित, दिव्यांग, और भूमिहीन परिवारों की कन्याओं को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। योजना का लाभ उठाने के इच्छुक अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन करने के लिए, विवाह की तिथि से तीन महीने पहले या तीन महीने बाद तक का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि के बाहर किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदनों की गहन जांच के बाद, स्वीकृति मिलने पर लाभार्थी के खाते में 20 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।
चित्रकूट धाम मंडल में लक्ष्य
जिला - लक्ष्य (कन्याएं)
बांदा -892
हमीरपुर -771
महोबा -603
चित्रकूट -430
कैसे करें आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी को आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, कन्या व वर का जन्म प्रमाण पत्र, माता, पिता का बैंक पासबुक, पासपोर्ट फोटो के साथ विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। 21 दिन में आवेदन की जांच के बाद अनुदान की धनराशि खाते में भेजी जाती है।
बोले जिम्मेदार-
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय ने बताया कि शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।