चित्रकूट । भाजपा शासित राज्य मणिपुर में हिंसा और महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी व महिला सभा ने कर्वी में कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने कहा कि इस मामले में सरकार की लापरवाही और अक्षमता साबित हो चुकी है। मणिपुर सरकार को बर्खास्त व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रविवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव व महिला सभा की जिलाध्यक्ष रमा यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय से पटेल तिराहा तक कैंडल मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकारों की लापरवाही और अक्षमता के कारण ऐसी घटना लोकतंत्र में अक्षम्य है। पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल ने कहा कि मणिपुर की घटना से पूरे राष्ट्र को शर्मिंदा होना पड़ा है।
डॉ. निर्भय सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में दलित, पिछड़े व अल्पसंख्यकों को मुख्यधारा से दूर करना है। सपा सदर विधायक अनिल प्रधान, सत्यनारायण पटेल, सियाराम गुप्ता, नरेंद्र यादव, सीताराम कश्यप, मो. गुलाब खां, जगदीश यादव, पप्पू जायसवाल, अमृतलाल गुप्ता, राजा यादव, विनय यादव, अश्वनी यादव, आशीष, गोपीचंद्र, रमेश यादव, उमाकांत, सुनीता यादव, सपना निषाद, माया सोनकर, सीतारानी निषाद, कलावती, उमा यादव व चांदनी आदि मौजूद रहीं।