फोटो- 22 सीकेटीपी - 5 व 6 परिचय- बाजार में सेवई खरीदते लोग और नमाज अदा कर मस्जिद से बाहर निकलते रोजेदार।
ईद नजदीक आते ही तैयारियां शुरू हो गयी हैं। अलविदा की नमाज के लिए मस्जिदों एवं उसके आसपास के इलाके में सफाई कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से पेयजल, बिजली आपूर्ति, सफाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रोजेदारों ने ईद मनाने के लिए खरीदारी शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र ने थानाध्यक्षाें को निर्देश दिए है कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता रखें। ड्यूटी मेें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। हर हाल में शांति सुरक्षा का ध्यान रखें।
इन स्थानों पर होगी नमाज
चित्रकूट। शहर के जामा मस्जिद के पेश इमाम ने बताया कि शुक्रवार को अलविदा की नमाज को लेकर लोगों में उत्साह है। सबसे पहले मुख्यालय की जामा मस्जिद में अजान दोपहर साढे 12 बजे और नमाज एक बजे होगी। कजियाना मस्जिद में अजान एक बजे और नमाज डेढ़ बजे होगी। नूरानी मस्जिद में अजान डेढ़ बजे एवं नमाज दो बजे होगी। उटारखाना छोटी मस्जिद में अजान दोपहर 12 बजकर 45 मिनट और एक बजकर 15 मिनट पर नमाज होगी।
बाजार में रौनक
चित्रकूट। बाजार में रौनक भी बढ़ गई है। कपडे़ टोपियां, व सेवइयों की बिक्री में तेजी आ गई है, जिसमें अफगानी व तुर्की टोपियों की धूम है। लखनवी कुर्ता पचामा, व पठानी सूट के साथ ही सूरत व मुंबई की साड़ियां बिक रही हैं। बनारसी सेवई की कीमत 140 रुपये जबकि कनपुरिया सेवई की कीमत 60 रुपये प्रति किलो है।