‘प्रदूषित जल से डायरिया, पीलिया व पथरी जैसी बीमारियां बढ़ रहीं हैं। छोटे बच्चे मौत का शिकार हो रहे हैं। यह सब खुले में शौच का नतीजा है’। यह बातें जल स्वच्छता व मेन्सुरल हाईजीन पर जीजीआईसी में बुधवार को आयोजित कार्यशाला में छात्राओं से कही गईं। स्वच्छता अपनाने पर जोर दिया गया।
संस्था अभियान (अतर्रा) वाटर एड के तहत जीजीआईसी में छात्राओं को जल स्वच्छता के फायदे बताए गए। परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार ने कहा कि खुले में शौच और गंदगी से पानी प्रदूषित हो रहा है। इससे बीमारियां बढ़ रही हैं। स्वच्छ और स्वस्थ देश व समाज के विकास में यह सबसे बड़ी बाधा है।
ममता वर्मा ने छात्राओं को अच्छे स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता अपनाने को कहा। उन्हें खाने से पहले हाथों की सफाई के फायदे बताए। अध्यक्षता कर रहीं प्रधानाचार्य विनीता वर्मा ने भी छात्राओं को शुद्ध पानी व मेन्सुरल हाईजीन की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूल-कालेजों में स्वच्छता संबंधी शिक्षण सामग्री बांटने की मांग की। जादूगर अरुण प्रताप सिंह ने जादू के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर गायत्री अवस्थी, गीतारानी निगम, शांति लक्ष्मी, मैमूना बेगम, रीतू द्विवेदी, रूबी सैनी, नेहा गुप्ता, पूजा श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद, राकेश कुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन संतोष कुमारी ने किया।