कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान निर्देश देते डीएम शेषमणि पांडेय। संवाद
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार को नीति आयोग के महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं विकास कार्य की प्रगति समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने डीसी मनरेगा को निर्देश दिए कि अविरल जल अभियान के अंतर्गत मनरेगा कन्वर्जेंस के कार्यों को बढ़ाएं और अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार दें।
मेरी छत मेरा पानी के कार्यों को सभी शासकीय भवनों पर कराया जाए। जिला कृषि अधिकारी से कहा कि सभी विभागों के कार्यों की सूचना समय से फीड कराएं। ताकि जनपद की रैंकिंग में कमी न रहे।
बैठक में डीएम ने बीएसए को निर्देश दिए कि विद्यालयों के ऑपरेशन कायाकल्प के कार्यों को बढ़ाया जाए। सभी विद्यालयों में 14 पैरामीटर्स के कार्य पूर्ण करें। सीएमओ से कहा कि हेल्थ एवं न्यूट्रिशन में जहां कमी हुई हैं उन बिंदुओं पर फोकस किया जाए।
अग्रणी जिला प्रबंधक आरके सोनी को निर्देश दिए कि मुद्रा लोन, जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना व जनधन योजना पर प्रगति बढ़ाई जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी से कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया गया है उसमें अच्छी तरह से वाल पेंटिंग कराई जाए।
सीडीओ अमित आसेरी, सीएमओ डॉ. विनोद कुमार, उप निदेशक कृषि टीपी शाही, परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा, बीएसए ओमकार राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार व जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे मौजूद रहे।