चित्रकूट। शहर के पुरानी बाजार स्थित पुरानी सब्जी मंडी के पास रहने वाली वृद्ध महिला की घर के अंदर हत्या कर दी गई। इससे शहर में सनसनी फैल गई।
शहर के पुरानी सब्जी मंडी की गली में रहने वाली शकुंतला साहू (58 ) पत्नी पुरुषोत्तम साहू घर में अकेली रहती थीं। पति आयकर विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। यह झांसी में दूसरी पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। शकुंतला ने घर में ही परचून की दुकान खोल रखी थी। सोमवार शाम को मोहल्ले के कुछ लोगों ने बुलाने का प्रयास किया। घर से आवाज नहीं आई। शक होने पर लोग घर पहुंचे। बाहर से कुंडी लगी मिली।
आसपास जानकारी करने पर पता नहीं लगा। तब पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल पंकज पांडे मौके पर पहुंचे। दरवाजा खोला तो कमरे में महिला मृत अवस्था में मिली। चेहरे पर तकिया रखा था। सिर में हल्की चोट के निशान थे। इससे हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया है। कोतवाल पंकज पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसकी सही जानकारी हो पाएगी।