चित्रकूट। डीएम अभिषेक आनंद ने गुरुवार को देवांगना हवाई पट्टी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि एयरपोर्ट पर लो वोल्टेज की समस्या है, उसको दुरुस्त कराएं।
डीएम ने निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी व राइट्स संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए 10 फरवरी तक प्रत्येक दशा में टर्मिनल बिल्डिंग तक जीएसबी डलवा कर सड़क मार्ग पर आने जाने का निर्माण कराया जाए। एयरपोर्ट अथॉरिटी व राइट्स संस्था के अधिकारियों ने बताया कि 500 मीटर बाउंड्रीवाल का कार्य पूर्ण हो गया है। शेष पर तेजी से कार्य कराया जा रहा है।
इसके साथ ही एप्रोच रोड में भी तेजी से कार्य जारी है। समयसीमा के अंदर पूर्ण कराया जाएगा। डीएम ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड सत्येंद्र नाथ को निर्देश दिए कि एप्रोच रोड का निर्माण हो रहा है, उसके किनारे के लिए तार फेंसिंग व स्ट्रीट लाइटिंग का प्रस्ताव बनाकर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को उपलब्ध कराएं। एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सदर एसडीएम राजबहादुर, एक्सईएन विद्युत आरएस वर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।