50 हजार के इनामी डकैत गौरी यादव गैंग को कारतूस और खाद्य सामग्री पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को दबोचा है। उसके कब्जे से 30 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में खाद्य सामग्री मिली है। आरोपी के पास एक डायरी भी मिली है, जिसमें डाकू गैंग के सदस्यों और पुलिस अधिकारियों समेत नेताओं के भी मोबाइल नंबर लिखे हैं।
मंगलवार की सुबह सरैंया चौकी प्रभारी जयनारायण सिंह ने बताया कि डकैतों की तलाश में कांबिंग चल रही थी। इसी बीच रंपुरिया जंगल के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखकर रुकने को कहा तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
आरोपी राजापुर के सुरवल गांव निवासी लवलेश यादव के कब्जे से उसी की लाइसेंसी बंदूक समेत 30 जिंदा कारतूस, डायरी, मोबाइल और खाद्य सामग्री बरामद हुई। चौकी प्रभारी ने बताया कि लाइसेंस धारक अपने साथ इतनी कारतूस लेकर नहीं चल सकता।
पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि वह डाकू गौरी यादव गैंग का मुखबिर है। डकैतों को कारतूस और अन्य सामग्री पहुंचाने जा रहा था। उसके पास बरामद डायरी में कई सफेदपोश के साथ डकैतों और पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर लिखे मिले हैं।
डायरी व कारतूस मिलने पर सतर्क हुई पुलिस उसे मानिकपुर थाने ले गई। जहां उससे पूछताछ जारी है। बताया गया है कि पुलिस अधिकारियों ने डायरी में लिखे डकैतों के नंबर पर उससे बातचीत कराकर डाकू को निश्चित स्थान पर बुलाने का प्रयास किया लेकिन चालाक डाकू गौरी को थोड़ी देर तक बातचीत के बाद संदेह हो गया। तो फोन पर ही डाकू ने मुखबिर को गाली देकर फोन काट दिया।