चित्रकूट। जुलाई में बारिश न होने से निराश लोगों को अगस्त की शुरुआत में ही भारी राहत मिली। बुधवार को पहली बार चार घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे खेत व खलिहान में पानी भर गया। सड़कों और गलियों में कई स्थानों पर जलभराव होने से निकलना मुश्किल हो गया। उमस भरी पड़ रही गर्मी से भी राहत मिली। घरों से निकलकर बच्चों ने बारिश का आनंद उठाया। बुधवार को जिले में 40 एमएम बारिश हुई है।
इस साल जुलाई में आशा के अनुरूप बारिश नहीं हुई। इससे जिले में सूखे के आसार बन गए थे। अगस्त की शुरुआत होते ही बुधवार को सुबह सात बजे से मूसलाधार बारिश दोपहर 11 बजे तक जारी रही। इससे खेत व खलिहानों में पानी भर गया। शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग सहित पहाड़ी-राजापुर मार्ग में कई स्थानों पर पानी भर गया।
यही हाल शहर के एसडीएम कालोनी, शोभा सिंह के पुरवा में रहा। जिले के मानिकपुर, राजापुर, मऊ, भरतकूप, शिवरामपुर क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गलियों व बस्तियों में जलभराव होने निकलना मुश्किल हो गया। सुबह से ही बारिश की शुरुआत होने से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बच्चे बारिश के बीच स्कूल पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र की गलियों में जलभराव होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।