प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरादेवी की पुलिस से हुई नोकझोंक।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। सामाजिक परिवर्तन मिशन के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व कैबिनेट मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथरस की घटना को लेकर झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान जुलूस निकालने को लेकर हीरा देवी व पुलिस अधिकारियोें के बीच ट्रैफिक चौराहे के पास जमकर नोकझोंक हुई। इस पर पुलिस आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई और बाद में सभी को निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
सामाजिक परिवर्तन मिशन के कार्यकर्ताओं ने हाथरस की घटना को लेकर शनिवार को जुलूस निकाला। पुलिस ने जुलूस को ट्रैफिक चौराहे पहुंचने से पहले ही रोक दिया। वहां मौजूद दरोगा ने कहा कि किसी को भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं है।
इस पर पूर्व मंत्री की पत्नी हीरा देवी पुलिस कर्मियों से भिड़ गईं और कार्यकर्ताओं संग ज्ञापन देने जाने की मांग करने लगीं। पुलिस कर्मियों ने तीन लोगों को ज्ञापन देने की अनुमति दी और आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई।
इसके बाद हीरा देवी ने तीन कार्यकर्ताओं के साथ जाकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सदर तहसीलदार दिलीप कुमार को दिया। ज्ञापन में कहा कि हाथरस की घटना की सीबीआई जांच कराई जाए।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर आंबेडकर, दिनेश कुमार सनेही, धीरेंद्र कुमार भास्कर, अश्वनी वर्मा व दादूराम वर्मा मौजूद रहे।