मानिकपुर(चित्रकूट)। क्षेत्र के वासुदेव इंटर कॉलेज में सपा जिलाध्यक्ष ने आदिवासी समाज के लोगों के साथ बैठक की। इसमें जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने भाजपा व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आदिवासी समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि संघ और भाजपा आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझते हैं। इस समाज के विकास के लिए उन्होंने अब तक कुछ नहीं किया। जबकि समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकाल में आदिवासी समाज के महापुरुषों का सम्मान करने के साथ उनके विकास के लिए भी काम किया। सपा सरकार में आदिवासी बाहुल्य गांवों को लोहिया गांव घोषित कर विकास कार्य कराए गए थे। आदिवासी समाज को 3.25 लाख रुपये की सहायता भी दी गई थी।
मानिकपुर क्षेत्र के मऊ गुरदरी गांव में मौजूदा सरकार द्वारा बंद किए गए विद्यालय के विद्यार्थियों को पठन-पाठन सामग्री वितरित की जाएगी। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और नवनिर्वाचित एमएलसी की ओर से आदिवासी बच्चों को शैक्षिक सामग्री दी जाएगी। 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गांवों में खोले गए शराब के ठेके बंद कराए जाएंगे और बंद विद्यालयों को दोबारा खुलवाने का काम किया जाएगा।