चित्रकूट। भाजपा सांसद के पेट्रोल पंप से हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पांच आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा, चार कारतूस व 57 हजार रुपए बरामद किया है। दोनाें बाइक भी बरामद की गई है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि पांच मई को रैपुरा थाना अंतर्गत बरहट के पास भाजपा सांसद आरके सिंह पटेल के शांति किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप से अज्ञात बदमाशों ने ऑफिस के अंदर से रुपये लूट लिए थे। कोतवाली कर्वी के बरगदहा पुरवा बिहारा का तेजराम यादव पुत्र लक्ष्मण यादव, कमलेश उर्फ धीरेंद्र यादव पुत्र कल्लू, बच्चीलाल पुत्र कल्लू, अमरपुर रैपुरा का वीरेन्द्र यादव उर्फ मंझा पुत्र रामखेलावन, भरथौल के चौकी डांडा का वीरेंद्र धोबी पुत्र मोतीलाल ने लूट की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने कब्जे से दो तमंचा चार कारतूस व लूट के 57 हजार रुपये और दो बाइक बरामद की है। एसपी ने बताया कि पेट्रोल पंप से आठ किमी दूरअमरपुर गांव के वीरेंद्र ने लूट की योजना बनाई थी। इस मौके पर एएसपी बलवंत चौधरी सर्विलांस प्रभारी श्रवण कुमार व थानाप्रभारी रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।
लॉकडाउन न होता तो भाग जाता मुखिया
चित्रकूट। मास्टरमांईड अमरपुर रैपुरा का वीरेंद्र यादव उर्फ मंझा ही था। जो कई दिन से रेकी कर लूट के लिए अपने साथियों को एकत्र किया। लॉकडाउन के चलते वह यहां रूका था। इस वारदात के बाद यदि लॉकडाउन खुला होता तो वह सूरत की ओर भाग जाता।