चित्रकूट। निजी और व्यावसायिक वाहनों की जल्द ही फिटनेस जांच शुरू हो सकेगी। परिवहन विभाग ने ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के लिए आवेदन मांगे हैं।
जिले में करीब 12 हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें ट्रक, बस, ऑटो और पिकअप शामिल हैं। व्यावसायिक वाहन को हर साल फिटनेस जांच कराना जरूरी होता है, लेकिन चित्रकूट में टेस्टिंग स्टेशन नहीं होने से वाहन स्वामियों को फतेहपुर और प्रयागराज जाना पड़ रहा है।
इस संबंध में कई बार वाहन मालिकों ने परिवहन अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था। विभाग ने शासन को पत्र लिखा। वहां से मंजूरी मिलने पर विभाग ने सभी शर्तों को पूरा करने वाली कार्यदायी संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
आवेदन के बाद विभाग सत्यापन करेगा और कार्यदायी संस्था का चयन होगा। सभी सुविधाएं पूरी कर फिटनेस जांच शुरू की जाएगी।
स्वचालित परीक्षण स्टेशन की स्थापना के लिए कार्यदायी संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं। निर्माण के बाद एक दिन में करीब 40 वाहनों के फिटनेस की जांच हो सकेगी। राजीव कुमार, सहायक उपसंभागीय परिवहन अधिकारी।