संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसी किशोरी करीब पंद्रह मिनट तक घर के बाहर आग का गोला बनी छटपटाती रही। खेत से दौड़कर आई मां के साथ ग्रामीणों ने उसे किसी तरह बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। किशोरी की हालत नाजुक बनी है।
बताया गया है कि गुरुवार की दोपहर को आरती (16) पुत्री गायत्री प्रसाद निवासी पथरौडी शिवरामपुर घर में अकेली थी। मां-पिता मजदूरी करने गए थे और छोटे भाई-बहन विद्यालय गए थे। इसी दौरान अचानक घर से आग की लपटों से घिरी आरती चिल्लाती हुई बाहर निकली।
करीब 15 मिनट तक आग से घिरी आरती दौड़ते हुए सड़क तक आ गई। जिसे देख राहगीर भी रुक गए। इसी दौरान उसकी मां गोविंदी देवी कुछ ग्रामीणों को लेकर पहुंची और किसी तरह आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डा. पीडी चौधरी ने बताया कि किशोरी की हालत नाजुक है।
प्राथमिक इलाज के बाद उसे इलाहाबाद रिफर किया गया है। किशोरी की मां ने बताया कि उसके तीन पुत्र दो पुत्री हैं। दो पुत्र सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं। आरती घर में अकेली थी। आग लगने का कारण नहीं पता। उधर, किशोरी ने बताया कि घर में वह बैठी थी, तभी उस पर जलती ढिबरी गिरी, जिससे आग लग गई।