अमर उजाला ब्यूरो
पहाड़ी(चित्रकूट)। पेट्रोल भराते समय अचानक बाइक में आग लग गई। जिससे वहां हड़कंप मच गया। पहले तो सभी जलती बाइक छोड़कर भाग गए। फिर हिम्मत कर कई लोगों ने जलती बाइक को कुछ दूर तक ले गए। गैस व बालू से आग बुझाई।
मंगलवार की दोपहर पहाड़ी थानाक्षेत्र पिपरोदर निवासी सुरेश पुत्र मोहनलाल अपनी पल्सर बाइक से दोस्त लोढ़वारा निवासी शुभम पुत्र बाबूलाल के साथ मुख्यालय आ रहा था। रास्ते में पहाड़ी राजापुर मार्ग पर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने लगा। सेल्समैन ने जैसे ही उसकी बाइक में पेट्रोल डालने के लिए पाइप लगाया तो बाइक के इंजन से धुंआ उठने लगा और अचानक आग की लपटें उठीं। यह देखकर सेल्समैन समेत बाइक सवार और आसपास के लोग दूर भागे। बाइक से आग की लपटें बढ़ने लगी। लोग बड़े हादसे की आशंका से भयभीत होने लगे। सभी ने चिल्लाकर सेल्समैनों से कहा कि बाइक को किसी तरह दूर करो। इसके बाद लोहे के राड, लाठी व रस्सी से बांधकर जलती बाइक को पंप से लगभग 25 मीटर दूर लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। यह नजारा देखने के लिए सड़क के उस पार सैकड़ों लोग भी मौजूद रहे।
पेट्रोल पंप पर मौजूद आग बुझाने के यंत्र से लेकर बालू व पानी से लगभग बीस मिनट में आग पर काबू पाया गया। बड़ा हादसा भी टल गया लेकिन बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी। बाइक चालक ने बताया कि उसकी बाइक पुरानी है लेकिन किस कारण आग लगी इसकी जानकारी नहीं है। आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।