मानिकपुर/बरगढ़ (चित्रकूट)। मुंबई-हावड़ा मार्ग स्थित बरगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़े सवारी डिब्बे में आग लग गई। इससे रेलवे स्टेशन और पटरी किनारे रहने वालों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। छह घंटे के प्रयास के बाद आग बुझी। प्रयागराज के डीआरएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
बरगढ़ स्टेशन के यार्ड में पांच माह से ट्रेन की खराब जनरल बोगी खड़ी थी। इसकी रेलवे विभाग की ओर से नीलामी की जानी थी। बृहस्पतिवार की दोपहर अचानक इसमें आग लग गई। इससे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। स्टेशन पर मौजूद सहायक स्टेशन मास्टर संजय कुमार वर्मा ने मानिकपुर और प्रयागराज के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम पहुंची। इसके अलावा आसपास के लोगों ने रेल कर्मचारियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लगभग छह घंटे बाद आग बुझ पाई।
रेल कर्मियों का दावा है कि बोगी में कोई अन्य सामग्री नहीं थी। यह रेल मार्ग काफी व्यस्त रहता है। बोगी यार्ड में थी। इस दौरान तीन ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक से गुजरीं, लेकिन उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। इसी स्थान के पास से ही इलेक्ट्रिक लाइन भी गुजरी है। इस मार्ग से नान स्टाप प्रयागराज से मुंबई तक की ट्रेनें गुजरती हैं।
मानिकपुर जंक्शन के प्रबंधक शिवेश मालवीय ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। आशंका जताई कि अराजक तत्वों ने रेलवे की सामग्री चोरी की है। कई माह से खड़ी इस बोगी में रात को बैठकर नशा करते हैं। इसी के चलते आग लगी होगी। उधर, इस मामले में प्रयागराज के डीआरएम मोहित चंद्रा ने जांच के आदेश दिए हैं।