राजापुर। सरधुआ थाना क्षेत्र के ममसी बुजुर्ग गांव के दो किसान के घरों में आग लग गई। ग्रामीणों व पुलिस की मदद से तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ितों के अनुसार लगभग चार लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
रविवार की सुबह 11 बजे को ममसी बुजुर्ग निवासी किसान चुन्ना पुत्र जगन्नाथ खेत गया था। घर में उसके बच्चे मौजूद थे। अचानक उसके घर के एक हिस्से में आग लगी देख अंदर मौजूद परिजन चीखते हुए बाहर भागे। कुछ ही देर में आग पड़ोस के शारदा वर्मा पुत्र छोटा के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। उसके घर में मौजूद महिलाएं व बच्चे जान बचाकर बाहर की ओर भागे। कुछ ही देर में ग्रामीण एकत्र हो गए।
कुछ देर बाद सूचना पर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह मय फोर्स पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से पुलिस कर्मियों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसानों के अनुसार उनकी गृहस्थी, अनाज व घर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जल गया है। पीड़ित किसानों ने एसडीएम से मुआवजा दिलाने की मांंग की है।