मानिकपुर (चित्रकूट)। रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह फुट ओवरब्रिज पर बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पुल पर धुआं छा गया। करंट फैलने की आशंका पर यात्रियों ने भागकर जान बचाई। आरपीएफ जवानों ने किसी तरह भीड़ को संभाला। सूचना के दो घंटे बाद तक दमकल टीम नहीं पहुंची।
मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग के मानिकपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर एक से दो तक जाने वाले फुट ओवरब्रिज पर शनिवार की सुबह सात बजे बिजली के तारों में शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग के साथ धुआं छा गया। इससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। आरपीएफ ने जंक्शन में रखे अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया। फिलहाल कोई नुकसान नहीं हुआ है। स्टेशन अधीक्षक शिवेश मालवीय ने बताया कि आग से किसी तरह के रेल यातायात पर प्रभाव नहीं पड़ा है।