चित्रकूट। कारोबार के हिसाब से इस साल धनतेरस का पर्व खास रहा। दो साल तक कोरोना के साये में रहने के बाद इस बार लोग खुलकर बाजार में खरीदारी की। इलेक्ट्रानिक, सोने चांदी के आभूषण, मोबाइल, बर्तन व घर के सजावट का सामान खरीदा। ज्योतिषियों के अनुसार इस बार पर्व दो दिन माना गया है। ऐसे में पहले दिन शनिवार को जिले में लगभग तीन करोड़ रुपये की खरीदारी हुई। रविवार को भी बेहतर कारोबार की आस
धनतेरस पर्व शहर से लेकर कस्बों की इलेक्ट्रानिक, बर्तन, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य दुकानों में शगुन के लिए खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक पहुुंचे। बाजार में खासी रौनक देखी गई। धनतेरस पर्व पर शहर सहित मानिकपुर, राजापुर, मऊ, शिवरामपुर, भरतकूप, पहाड़ी के बाजारों में दुकानों में खरीदारी करने के लिए ग्राहक पहुंचे।
इलेक्ट्रानिक के बाजार में एलईडी, फ्रिज, वाशिंग मशीन खरीदी गई। सराफा बाजार में अभूषणों के साथ ही सोने के पत्ते पर उकेरे गए गणेश लक्ष्मी व श्रीयंत्र की खूब बिक्री हुई। बर्तन की दुकानों में टोटीदार मटके, नई डिजाइन की थॉली सहित अन्य बर्तनों की खूब बिक्री हुई।
बाइक की एजेंसियों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक बाइकों की बिक्री हुई। शहर के बस स्टैंड के पास स्थित मोबाइल के विक्रेताओं व व पूजा इलेक्ट्रानिक के महेंद्र गुप्ता ने बताया कि धनतेरस पर्व में इस साल ग्राहकों की भीड़ रही। धनतेरस के लिए खरीदारी कर रही रेखा शर्मा, ममता गुप्ता, राजेश गुप्ता, अनुष्का सिंह ने बताया कि दो साल कारोना काल के बाद धनतेरस पर्व में खरीदारी करने का खुलकर मौका मिला है। उन्होंने बर्तन के साथ अन्य सामन को खरीदा है।
आचार्य नवलेश दीक्षित व भरत मंदिर के महंत दिव्यजीवन दास ने बताया कि नक्षत्र व ग्रहों के अनुसार इस बार धनतेरस का पर्व दो दिन रहेगा। शनिवार व रविवार को इसमें पूजन व दीप प्रज्जवलन किया जाएगा।