राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उद्यान विभाग की ओर से दो दिवसीय कृषक गोष्ठी व किसान मेले का आयोजन हुआ। डीएम नीलम अहलावत ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा किसान अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराए।
जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों को किसानों को समूह बनाकर सब्जी, फल आदि की औद्यानिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलपति नरेश सिंह गौतम ने किसानों को हल्दी की खेती करने के लिए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हल्दी की खेती को अन्ना जानवर भी नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। कृषि उपनिदेशक मनोहर सिंह ने संरक्षित खेती के बारे में जानकारी दी।
जिला उद्यान अधिकारी डा. रमेश पाठक ने विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसान कार्यालय आकर अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है। कृषि वैज्ञानिक डा. नरेंद्र सिंह, डा. रमलखन सिकवार ने पुष्पों की खेती के बारे में बताया। इस दौरान रामरतन, हरिप्रसाद, भागवत प्रसाद, रामेश्वर प्रसाद, जगन्नाथ, रामबाबू सहित दस प्रगतिशील किसानों को पांच हजार रुपये का चेक व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। रविवार को किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां का भ्रमण करवाया जाएगा।