संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने डाक बगला में जिले के अधिकारियों के साथ चल रहे विकास व निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कहा कि किसानों को खाद की समस्या नहीं होनी चाहिए। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। धर्मनगरी आकांक्षी जिलों में शामिल है।
यहां पर जो भी विकास कार्य कराए जाएं, उनमें गुणवत्ता होनी चाहिए। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभ में लाभार्थियों के साथ कोई भी भेदभाव नहीं होना चाहिए। कहा कि सभी बीडीओ क्षेत्र में जाकर देखें कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण सहित आदि योजनाएं जो संचालित हैं, उनका शत प्रतिशत लाभ लोगों को मिलता है।
हर घर जल नल योजना के अंतर्गत जो शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है, उसमें प्रगति कराएं। कहा कि मुझे कहीं से कोई शिकायत जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मिली तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्यकर्ताओं की जो भी समस्याएं हो, उसका समाधान सभी अधिकारी अवश्य करें।
महिला को खुदकुशी के उकसाने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
चित्रकूट। मानिकपुर कस्बा में महिला के खुदकुशी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परेशान परिजनों ने डिप्टी सीएम से मांग की। डिप्टी सीएम ने आश्वासन दिया है।
मानिकपुर कस्बा में किराए में रहने वाली एक महिला भाजपा के मंडल अध्यक्ष राकेश कोल, अनुसूचित जाति के प्रदेश सचिव आशीष कोल व जन अधिकारी पार्टी के नेता शिवपूजन कोल की प्रताड़ना से परेशान होकर खुदकुशी कर लिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शिवपूजन कोल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है लेकिन अभी तक भाजपा के नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे परिजन परेशान हैं। रविवार को धर्मनगरी आए डिप्टी सीएम से परिजनों ने भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। संवाद
-
गोशाला की दुर्दशा सहित अन्य मामलों को दिए पत्र
चित्रकूट। उपमुख्यमंत्री को कई फरियादियों ने पत्र सौंपे। इसमें गोशाला, जमीनी विवाद सहित अन्य मामले शामिल रहे। सगवारा गांव के पदुम नारायण पांडेय ने दिए पत्र में कहा कि सगवारा गांव विकास कार्य नहीं हो रहे है। गोशाला की हालत खराब है। यहां नदी में बने पुल को प्रसिद्धपुर गांव से जोड़ा जाए। व्यापारी नेता शिवपूजन गुप्ता ने इलेक्ट्रानिक बसे चलाए जाने, राजापुर क्षेत्र विकास कार्य कराने को पत्र दिया। परसौंजा निवासी बेलन ने दिए पत्र में कहा कि उसकी जमीन में गांव के एक परिवार के सदस्य जबरन कब्जा कर रहे। कई अन्य ने भी पत्र दिया। संवाद
नहीं सुनते अधिकारी व पुलिस...
चित्रकूट। डिप्टी सीएम ने डाक बंगला में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्या सुनी। इस दौरान बैठक काफी शोर शराबे वाली रही। कार्यकर्ताओं ने दर्द बयां किया कि जिले के अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं। इससे वह सामान्य कार्य के लिए भटकते हैं। कई थानों में अपराध दर्ज करने की जगह आरोपी पक्ष से समझौता कराकर पुलिस रुपये ले रही है। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले भर में जल जीवन मिशन की योजना में खोदी गई सड़क से गांव की सड़कों की हालत खराब है। कोई सुनने वाला नहीं है। मुन्ना लाल प्रजापति ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाकर कई थाने की शिकायत की। सुरेश अनुरागी ने कहा कि बिजली की समस्या जिले में छह माह से है। इसमें कोई सुधार नहीं है। संवाद