मुख्यालय के केंद्र में अपनी बारी के आने के इंतजार में बैठे किसान।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। जिले में धान खरीदने के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं। अधिकतर धान केंद्रों के गोदामों में जगह न होने व बोरियों की कमी के कारण समय से धान नहीं लिया जा रहा है। इससे किसानों को ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारनी पड़ रही है। भीषण ठंड होने के बाद भी धान केंद्रों में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
शहर के गल्ला मंडी में स्थित विपणन शाखा व पीसीएफ के क्रय केंद्रों में किसान चार दिन से धान बेचने के लिए नंबर लगाए हैं। मकरी पहरा के किसान लाखन सिंह, छीतूपुुर के सुंदरलाल, राजबहादुर व छोटे लाल ने बताया कि केंद्र प्रभारी गोदाम में जगह न होना और बोरियों की कमी का बहाना बनाते रहते हैं।
इस तरह से एक दिन में एक या दो ही किसानों का धान केंद्रों में लिया जाता है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि 2227 किसानों से अभी तक एक लाख नौ हजार 366 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। उन्होंने बताया कि आनलाइन पंजीकरण के आधार पर ही धान खरीदा जा रहा है।