खेत में सूखी फसल देखकर सदमा लगने से किसान बेहोश हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मऊ निवासी रामगणेश यादव ने बताया कि उसके पिता देशराज (63) रविवार दोपहर लगभग दो बजे अपने ट्यूबवेल से खेत की ओर गए थे। वहां उन्होंने सूख रही फसल को देखा तो सदमा लगने से उन्हें चक्कर आ गया। वह वहीं गिर पड़े। आसपास काम कर रहे लोगों की सूचना पर परिजन वहां पहुंचे। अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रामगणेश का कहना है कि फसल के सदमे से उसके पिता का हार्टफेल हो गया।
ट्यूबवेल होने के बाद भी बिजली संकट के कारण वह खेत की सिंचाई नहीं कर पा रहे थे। उसके पिता ने अस्सी हजार की लागत से बाजरा और धान की बुआई की थी। वह लागत न निकलने की बात अक्सर कहते थे। वहीं पति की मौत से सुमित्रा देवी बदहवास थीं। रामगणेश ने इस संबंध में एसडीएम के नाम तहसीलदार को पत्र भी दिया। उधर, तहसीलदार गुलाब सिंह ने बताया कि किसान के परिजनों को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाई जाएगी।