चित्रकूट। हैंडपंप से पानी लेने गए किसान बिजली खंभे के सपोर्ट तार की करंट की चपेट में आ गया। झुलसे किसान को परिजन अस्पताल ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मऊ थाना क्षेत्र के ताड़ी गांव में गुरुवार सुबह हेमराज (52) सुबह हैंडपंप से पानी लेने गया था। जहां स्थित लगे विद्युत पोल के सपोर्ट तार में करंट होने से वह चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को लेकर ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति रोष व्याप्त रहा। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को भी करंट होने की सूचना थी, इसमें एक बच्चा मामूली रूप से झुलसा था। इसकी जानकारी बिजली विभाग के कर्मचारियों को दी गई थी, लेकिन इसे बनाने कोई नहीं आया। थाना प्रभारी विनोद कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के तीन पुत्र, पांच पुत्री, पत्नी प्रेमिया का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)