फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chitrakoot News: परिजन ने किया अंतिम संस्कार से इन्कार

Tue, 07 Jul 2026 12:22 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
राजापुर (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के मोहरवां गांव में किराना व्यवसायी पंकज प्रजापति की मौत के मामले में तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। नाराज परिजन ने हत्यारों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता न मिलने तक अंतिम संस्कार से इन्कार किया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मोहरवां गांव के निवासी गुलाब प्रजापति का बड़ा बेटा पंकज प्रजापति (20) दोपहर को राजापुर बाजार में दुकान का सामान लेने गया था। घर न लौटने पर परिजन ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रात करीब 8:30 बजे नादिन कुर्मियांन गांव में महादेव इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे पंकज की बाइक मिली थी और कुछ दूरी पर उसका शव मिला था। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार रात देवी तिराहे पर शव रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया था।
विज्ञापन

एसडीएम व सीओ ने शीघ्र घटना के खुलासे और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया था, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया था। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा लेकिन घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका है। उधर, प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार प्रजापति ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। खुलासे के लिए राजापुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
पुलिस दे रही केवल आश्वासन : गुलाब
दिवंगत पंकज के पिता गुलाब प्रजापति ने बताया कि उनके बेटे की अत्यंत बेरहमी से हत्या की गई है। पंकज ही परिवार का मुख्य सहारा था और उसी की कमाई से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। उनका आरोप है कि पुलिस अब तक केवल आश्वासन दे रही है जबकि हत्यारे अभी भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। परिवार पूरी तरह से टूट चुका है और न्याय की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठा है। ग्रामीणों ने बताया कि पंकज मिलनसार और मेहनती स्वभाव का था। उसकी किराना दुकान ही परिवार का मुख्य सहारा थी। यह दुकान अब भी बंद है और पूरे घर में गम का माहौल है।

सांसद व पूर्व मंत्री ने परिजन को दिया भरोसा
बांदा-चित्रकूट की सांसद कृष्णा देवी पटेल तथा पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल भी मोहरवां गांव पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से शीघ्र खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कही।
विज्ञापन


बोले जिम्मेदार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। जहर खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। विसरा सुरक्षित किया गया है। सर्विलांस की जांच में पता चला कि युवक ने अपने मोबाइल में जहर के विषय में सर्च किया था। घटना के खुलासे के लिए राजापुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगी हुई हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। -अरुण कुमार सिंह, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें