फोटो 22 सीकेटीपी 17 लाभार्थी को प्रमाण पत्र देते जिला प्रभारी मंत्री व डीएम। संवाद
पहाड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को विकासखंड पहाड़ी परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई गई।
प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली।
बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में मंत्री ने तीन बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी हुई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ड्रेस और साड़ी वितरित की गई। प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद जनसभा में नंदी ने पिछली सरकारों पर जनता के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के सैफई महोत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व में जनता का पैसा ऐसे आयोजनों में खर्च किया जाता था, जबकि प्रधानमंत्री सेवा संकल्प अभियान के रूप में जनता के बीच मना रहे हैं।
मंत्री के संबोधन के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के चलते उन्होंने भाषण संक्षिप्त कर दिया। बाद में विकासखंड सभागार में विभागीय बैठक हुई, जिसमें विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में डीएम भी मौजूद रहे।