फोटो-16-भंबई पुरवा गांव के प्राथमिक विद्यालय ऊपर से निकली बिजली की लाइन। संवाद
103 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों की छतों से होकर गुजरी है एचटी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिले के 103 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के भवनों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली के तार गुजरे हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इन तारों के नीचे बैठकर बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
शिक्षा विभाग ने हाईटेंशन तारों को हटवाने के लिए बिजली विभाग को 48.43 लाख रुपये की राशि 18 जुलाई को जारी की थी। इसके बावजूद अभी तक एक भी स्कूल की छत से तारों को हटाने का काम पूरा नहीं हुआ है। बिजली विभाग केवल एस्टीमेट बनाने और प्रक्रिया शुरू होने की बात कह रहा है। यदि इन तारों से कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, यह एक बड़ा प्रश्न है। शिक्षा विभाग ने जिलाधिकारी से अविलंब इन तारों को हटवाने की मांग की है।
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि स्कूलों से हाईटेंशन तारों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले एक माह में सभी स्कूलों से तार हटवा दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि स्कूलों में विद्युतीकरण का काम भी चल रहा है।
विद्युतीकरण के लिए दो साल पहले जारी हुई धनराशि
बच्चों को बिजली की सुविधा न मिलने की समस्या भी गंभीर है। 79 विद्यालयों में विद्युतीकरण कराने के लिए दो साल पहले बिजली विभाग को धनराशि दी जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी काम अधूरा है। शिक्षा विभाग द्वारा कई बार पत्र भेजे जाने के बावजूद बिजली विभाग लापरवाही बरत रहा है।