नामांकन कक्ष के पास लगा बैरियर।
- फोटो : अमर उजाला
जिले की दोनाें विधानसभा सीट के लिए सोमवार से नामांकन कलक्ट्रेट परिसर में होगा। दोनोें विधानसभा सीट के लिए अलग- अलग कक्ष बनाए गये हैं। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए है।
200 मीटर दूर पर ही प्रत्याशियों का काफिला रोक दिया जाएगा। नामांकन में प्रत्याशी एक प्रस्तावक व तीन अन्य के साथ ही कक्ष में जा सकेंगे। जिले में चौथे चरण में 23 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र में मतदान होगा। इसके लिए छह फरवरी तक नामांकन पत्र बिक्री व पर्चा दाखिल का काम शुरू होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि विधान सभावार रिटर्निंग अफसरों की तैनाती की है। दोनों के नामांकन कक्ष कलक्ट्रेट परिसर में अगल बगल बनाए गए हैं। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह व उनके सहायक बीडीओ कर्वी और सदर तहसीलदार होंगे।
इसी प्रकार मानिकपुर सीट के रिटर्निंग अफसर एसडीएम राममूर्र्ति त्रिपाठी और सहायक मानिकपुर व मऊ तहसीलदार होंगे। एडीएम विजय नारायण पांडेय ने बताया कि चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी को एक और गैर मान्यता प्राप्त रजिस्टर्ड दल अथवा निर्दलीय प्रत्याशी को दस प्रस्तावक बनाने होंगे। नामांकन कक्ष में एक बार में तो पांच ही लोग जा सकेेंगे।
निर्दलीय के अन्य प्रस्तावकों को उसी समय बाद में रिटर्निंग आफीसर के सामने प्रस्तुत होना पड़ेगा। एडीएम ने बताया कि चुनाव लड़ने वाला यदि रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी या अर्द्ध शासकीय कर्मचारी है और सरकारी भवन से लेकर कोई सुविधा का लाभ ले रहा है तो उसे सारे रिकार्ड और नो ड्यूज देना अनिवार्य होगा।
शहर के कलक्ट्रेट रोड में बने विकास भवन के पास बैरियर लगाया गया है। यहीं पर प्रत्याशियों के साथ आने वाले काफिले को रोक दिया जाएगा। यहां से प्रत्याशी व नामांकन प्रक्रिया में लगने वाले समर्थकों को ही अंदर जाने दिया जाएगा।