चित्रकूट। भीषण गर्मी मेें बिजली की सप्लाई ग्रामीण क्षेत्रों में लडख़ड़ाई हुई है। इससे ग्रामीणों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। शहर के कुछ हिस्सों में अभी भी सुधार नहीं हुआ है। कई मोहल्ले के लोग देर रात तक बिजली आने का इंतजार करते रहे।
एक सप्ताह से जिले में भीषण गर्मी है। इससे बिजली की मांग बढने से सप्लाई पर असर पड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक समस्या आ रही है। बिजली के लगे उपकरण खराब हो रहे हैं। आए दिन ट्रॉसफार्मर जल रहे हैं। इससे बिजली की आपूर्ति ठप हो जाती है। ट्रॉसफार्मर बदलने में एक से दो दिन लग जाते हैं। जिले के मानिकपुर, भरतकूप, मऊ व राजापुर क्षेत्रों मेें बिजली की आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्रों में लडख़ड़ाई हुई है। मानिकपुर क्षेत्र के जंगल से सटे गांव टिकरिया, रानीपुर, गिदुरहा, डोडा कोलान, किहुंनिया व रामपुर आदि गांवों में शनिवार की दोपहर को बिजली की आपूर्ति बंद रही।
किहुंनिया गांव के राजेश द्विवेदी ने बताया कि जब से गर्मी है बिजली की आपूर्ति अधिक बंद रहती है। यही हाल खोही से सटे गांव बालापुर, भगनपुर, भरतकूप क्षेत्र के गांव लोखरिया, घुरेटनपुर में बिजली की आपूर्ति सुबह सात बजे से दस बजे तक बंद रही। शहर में भी बिजली की आपूर्ति तरौहां मोहल्ले में शुक्रवार की रात्रि को बंद रही। शहर के बनकट रोड मेें यही हाल रहा। जिसको लेकर यहां के निवासियों ने नाराजगी जताई।
बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि दो दिनों से बिजली की आपूर्ति में सुधार हुआ है। जहां कमियां हैं उनको दूर किया जा रहा है।