चित्रकूट। पंचायत चुनाव मेें 2 मई को होने वाली मतगणना के लिए प्रत्याशियों व उनके एजेंट को पास बनवाने में कोरोना की रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। इसके बाद से प्रत्याशी व उनके एजेंटों की कारोना की जांच कराने के लिए शहर के पुरानी बाजार स्थित परिषदीय टंडन स्कूल में लंबी लाइन लग गई। जहां कोरोना काल के नियमों को तार-तार कर दिया गया। बिना लाइन के ही लोग कोरोना की जांच कराते रहे। कई बार अपने नंबर के लिए एक दूसरे से धक्कामुक्की भी करते रहे। बताया जाता है कि कुछ प्रत्याशियों व एजेंटों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।
बताते चलें कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मतगणना में इंट्री के लिए कोरोना की जांच करा रिपोर्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। पॉजिटिव मिलने पर प्र्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के परिषदीय स्कूल में भीड़ जमा रही। खास बात यह रही कि इतनी भीड़ के बावजूद कोई पुलिसकर्मी नहीं था।