मुख्यालय में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन पत्र जमा करने वालों को रसीद देते रिटर्निंग आफीस
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट/मानिकपुर/मऊ/पहाड़ी। नामांकन के आखिरी दिन दावेदारों की भीड़ कलक्ट्रेट व ब्लाकों में रहीं। प्रस्तावकों के साथ उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग व पुलिस बल तैनात था। नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार से होगी। अब दावेदारों में चिन्ह पाने को लेकर उत्सुकता है। कारण है कि रविवार को चुनाव चिन्ह् आवंटित होंगे। मानिकपुर, मऊ, पहाड़ी व रामनगर ब्लाक परिसर में प्रधान व बीडीसी पद के लिए नामांकन पत्र लेकर बड़ी संख्या में दावेदार पहुंचे। इस दौरान कई जगह कोरेाना गाइड लाइन का पालन नहीं हुआ। नामांकन कक्ष में खासकर मास्क पर विशेष जोर दिया गया। बिना मास्क प्रवेश नहीं दिया गया।
पंचायत चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों ने मुहूर्त के मुताबिक पर्चा दाखिल किया। सपा के समर्थित दावेदार सिद्धार्थ पांडेय ने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट में पहुंच कर नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा जन अधिकार पार्टी, भारतीय किसान यूनियन, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी, अपना दल समेत निर्दल प्रत्याशियों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। प्रमुख रूप से वार्ड नंबर 12 अकबरपुर से सुमन यादव पत्नी नत्थूराम यादव, सपा की ओर से पूर्व विधायक वीर सिंह के साथ सरैंया वार्ड से नथिया देवी, हन्ना बिनैका से निवर्तमान जिपं सदस्य सिद्धार्थ पांडेय भाजपा नेता नवल मिश्र के पुत्र अजय मिश्र ने खंडेहा वार्ड से निर्दलीय, भाकियू से छह वार्ड से सदस्यों ने नामांकन पत्र जमा कर दावेदारी ठोकी है। आज नामांकन पत्रों की जांच होगी।