चित्रकूट। स्टेशन से यात्रियों को बैठाकर जा रहा ई-रिक्शा बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में चालक समेत पांच सवारियां घायल हो गईं। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा गुरुवार की दोपहर कर्वी कोतवाली अंतर्गत शंभू बाबू पेट्रोल पंप के पास स्थित मोड़ पर हुआ।
खरौंध कर्वी निवासी ई-रिक्शा चालक राजेंद्र (20) चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन से सवारियां लेकर जानकीकुंड अस्पताल जा रहा था। शंभू बाबू पेट्रोल पंप के पास स्थित मोड़ पर सामने अचानक एक ई रिक्शा आ गया। इससे राजेंद्र का ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
इसमें बैठे यात्री भरुआ सुमेरपुर जिला हमीरपुर निवासी बाबूराम (54), बेटी कल्पना (25) व बहू आरती (26) पत्नी दीपक, ई-रिक्शा चालक राजेंद्र व अमानपुर निवासी संतोष (30) घायल हो गए। आनन-फानन पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बाबूराम ने बताया कि वह अपनी बहू का इलाज कराने जानकीकुंड चिकित्सालय जा रहे थे और यह हादसा हो गया।