राजापुर(चित्रकूट)। थाना इलाके के एक गांव में कोटेदार के खिलाफ महिला से दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। शनिवार को महिला को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। इस मामले में कुछ लोगों का कहना है कि महिला के साथ कोटेदार ने ही नहीं, कुछ और लोगों ने भी दुष्कर्म किया है। इसका वीडियो वायरल होने की बात कही जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
शुक्रवार को एक गांव की महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि कोटेदार ओंकार विश्वकर्मा पुत्र शिवऔतार ने कार्ड में यूनिट बढ़ाने के बहाने से बुलाकर दुष्कर्म किया है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी कोटेदार की तलाश की जा रही है। महिला का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो वायरल होने और सामूहिक दुष्कर्म का कोई सबूत नहीं मिला है। महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।