भरतकूप(चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भरतकूप-शिवरामपुर के बीच बेकाबू डंपर ने बाइक सवार किसान को कुचल दिया। इससे मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फ रार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जमकर हंगामा काटा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार्यवाही करने का आश्वासन देकर मामला शांत क राया।
बांदा जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम डभनी निवासी संतोष कुशवाहा (35) पुत्र श्यामलाल बुधवार को पथरौडी गांव स्थित मौसा लल्लूराम के यहां आया था। बृहस्पतिवार सुबह बाइक से घर जाते समय शिवरामपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत पथरौड़ी मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। बाइक सवार किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने राजमार्ग पर हंगामा काटा।
लगभग आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा इसी बीच सूचना पर शिवरामपुर चौकी प्रभारी अजीत प्रताप सिंह टीम के साथ पहुंचे और चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। डंपर को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
मौसा के घर गया था संतोष
शिवरामपुर। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। संतोष इकलौता पुत्र था। वही खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद से पत्नी, बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार को ट्रेन से वह मौसा के घर पथरौडी गांव आया था। सुबह गांव जाने के लिए वह मौसा की बाइक लेकर ही जा रहा था। मौसा के मना करने के बाद भी उसने कहा कि शुक्रवार को बांदा आकर बाइक घर से ले लेना।