मऊ(चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस के गांव से पहुंची बरात पुलिस के हस्तक्षेप के बाद लौट गई है। दूल्हा व दुल्हन पक्ष ने आपसी समझौता किया है। उधर दुल्हन के भागने पर उसके पिता ने पड़ोसी गांव के दो युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दुल्हन को पकड़ लिया है। वह तय रिश्ते में शादी करने को तैयार नहीं है। मंगलवार को युवती को एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
29 मई शनिवार की रात तय कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा पक्ष बरात लेकर दुल्हन पक्ष के गांव पहुंचा था। बरातियों का नियमानुसार स्वागत हुआ फिर बैंडबाजे की धुन में नाचते गाते बराती दूल्हे को लेकर दुल्हन के आवास पहुंचे थे। द्वारचार के दौरान बराती भोजन कर रहे थे तभी किसी ने बताया कि दुल्हन गायब है वह घर में नहीं है। इसकी जानकारी होते ही वहां हड़कंप मच गया। दोनाें पक्ष के परिजनों को कुछ समझ में नहीं आ रहा था। दूल्हा पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उन्हें पता था कि दुल्हन ऐसा कर सकती है तो शादी तय क्यों की। दोनों पक्ष के बीच तीखी बहस के बाद नोंकझोंक होने लगी। इसी बीच दुल्हन की छोटी बहन से शादी का प्रस्ताव रखा गया लेकिन बाद में पता चला कि वह अभी नाबालिग है तो शादी नहीं हो सकी थी। इसके बाद दोनाें पक्षों को लेकर पुलिस थाने पहुंची थी।
सोमवार को पुलिस ने दोनाें पक्ष के लोगों से बातचीत की। दोनों पक्ष अपने नुकसान की बात कर रहे थे। उधर दुल्हन के पिता ने पड़ोसी गांव के दो युवकों पर युवती के अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि युवती को पकड़ लिया गया है। एक आरोपी को भी पकड़ा गया है। दूल्हा दुल्हन पक्ष के लोगों को आपसी समझौते के बाद गांव भेज दिया गया है। अब मंगलवार को युवती को एसडीएम कोर्ट में पेश करेंगे। उसके बयान दर्ज होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।