फोटो न-16सीकेटीपी 04 कर्वी-पहाड़ी मार्ग पर निकलते वाहन। संवाद
चित्रकूट। कर्वी-पहाड़ी मार्ग पर शंकर के बाजार के चकरेही चौराहा से लेकर गल्लामंडी के गेट तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण ने राहगीरों का जीना दूभर कर दिया है। दुकानदार फुटपाथ पर कब्जा जमाए हुए हैं, जिससे वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है।
कर्वी-पहाड़ी मार्ग शहर की प्रमुख व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं और गल्लामंडी भी स्थित है। शहर के हरिशंकर शुक्ला, राजेश सिंह चौहान ने बताया कि इस मार्ग पर चकरेही चौराहा से गल्लामंडी तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण इस कदर बढ़ गया है कि बड़े वाहनों का गुजरना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। कई बार गल्लामंडी के पास और चकरेही चौराहा पर भीषण जाम लग जाता है।
इस मार्ग पर स्कूल और कॉलेज भी संचालित होते हैं, जिससे जाम के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यही नहीं अतिक्रमण से होने वाली दुर्घटनाएं भी आम हो गई हैं। इसी माह दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
बोले जिम्मेदार-
नगर पालिका के अधिशासी अभियंता लालजी यादव ने बताया कि समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए जाते हैं और दुकानदारों को फुटपाथ पर सामान न रखने की हिदायत दी जाती है।
यातायात प्रभारी हरिराम ने बताया कि कर्वी-पहाड़ी मार्ग पर चकरेही चौराहे और गल्लामंडी के पास यातायात पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।