लकड़ी लेने जा रहे ट्रैक्टर में दबकर चालक की मौत हो गई। मारकुंडी थानाक्षेत्र के इटवां गांव की रेल लाइन के पास रेल विभाग का निर्माण कार्य चल रहा है।
यहां लकड़ियां पड़ी होने की सूचना पर इटवा डुडैला निवासी अजय कुमार (25) पुत्र गुलाब सिंह बुधवार रात ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। बरूई नदी के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
अजय की पहिए में दबकर मौत हो गई। सूचना पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर हटाकर अजय को बाहर निकाला। इसके बाद उसे सीएचसी मानिकपुर ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसके सिर व सीने में गहरी चोट के निशान थे। मारकुंडी थानाध्यक्ष जेएन सिंह ने बताया कि मृतक का गुरुवार को मुख्यालय में पोस्टमार्टम कराया गया है। वह दो भाईयों में बड़ा था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। इस घटना के बाद से उसकी पत्नी रचना व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।