चित्रकूट। भीषण गर्मी व लू का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद भी सरकारी कार्यालयों में पेयजल व्यवस्था बदहाल है। हालात ऐसे हैं कि फरियादियों को अपनी प्यास बुझाने के लिए खुद पानी की बोतल लेकर पहुंचना पड़ रहा है। कई कार्यालयों में लगे वॉटर कूलर खराब पड़े हैं, जबकि कहीं केवल एक घड़े के सहारे लोगों को पानी दिया जा रहा है। मंगलवार को सदर तहसील, सिंचाई विभाग, बिजली उपकेंद्र और कृषि विभाग की पड़ताल में अधिकांश कार्यालयों में पेयजल व्यवस्था ध्वस्त मिली। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैंपर का पानी मंगवाया जा रहा है, लेकिन आम लोगों के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। संवाद
सीन-01
सदर तहसील में वॉटर कूलर बंद, हैंडपंप से बुझाई प्यास
सुबह करीब 11 बजे सदर तहसील परिसर में खसरा-खतौनी समेत अन्य कार्यों के लिए 20 से अधिक लोग लाइन में लगे थे। परिसर में लगा वॉटर कूलर बंद मिला। प्यास लगने पर एक फरियादी पानी पीने पहुंचा, लेकिन टोंटी से पानी नहीं निकला। इसके बाद उसने परिसर में लगे हैंडपंप से पानी पीकर प्यास बुझाई। सदर एसडीएम सौरभ यादव ने बताया कि वॉटर कूलर संचालित है। यदि पानी की समस्या है तो उसे दिखवाया जाएगा।
सीन-02
बिजली उपकेंद्र में घड़े के भरोसे पेयजल व्यवस्था
धुस मैदान स्थित बिजली उपकेंद्र में बिल जमा करने और अन्य कार्यों के लिए दिन भर भीड़ रहती है, लेकिन यहां लोगों के लिए समुचित पेयजल व्यवस्था नहीं मिली। पानी के बारे में पूछने पर कर्मचारियों ने घड़े से पानी पीने की बात कही। घड़े में भी आधा पानी ही बचा था। बिल जमा करने पहुंचे हरिप्रसाद, राम भरोसे और कमला देवी ने बताया कि तेज धूप में गला सूख गया था।
सीन-03
सिंचाई विभाग का वॉटर कूलर कई दिनों से खराब
सुबह 10:30 बजे सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय में लगाया गया वॉटर कूलर खराब मिला। सिंचाई कार्य से पहुंचे किसान कप्तान सिंह और रिंकू सिंह ने बताया कि प्यास लगने पर पानी तलाशा, लेकिन कार्यालय में कोई समुचित व्यवस्था नहीं मिली। मजबूरी में बाहर से बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। एक्सईएन एसके प्रसाद ने बताया कि दफ्तर में नया वॉटर कूलर लगाने की मांग की गई है। इसके साथ लोगों की प्यास बुझाने के लिए कैंपर मंगवाया जाता है।
फोटो 26 सीकेटीपी 10-धुस मैदान स्थित बिजली उपकेंद्र में रखा घड़ा
फोटो 26 सीकेटीपी 10-धुस मैदान स्थित बिजली उपकेंद्र में रखा घड़ा