चित्रकूट : गोलक तोड़कर बचत के रुपये दान के रूप में अपर एसपी को देता छात्र प्रिंस कबीर
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। कोरोना महामारी की समस्या से निपटने में सहयोग के लिए बच्चे भी आगे आ रहे हैं। जन्मदिन पर गोलक में जमा धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दान दे रहे हैं। ऐसा ही छात्र प्रिंस कबीर अपने माता-पिता के साथ शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। अपर एसपी कक्ष में उसने मिट्टी के गोलक को तोड़कर एकत्र की गई 5 हजार 175 रुपये कोरोना से बचाने के लिए दान दिया।
पहाड़ी थानाक्षेत्र के प्रसिद्धपुर गांव निवासी समाजसेवी कैलाश कोटार्य के पुत्र प्रिंस कबीर का शनिवार को नौंवा जन्मदिन था। परिजनों के मुताबिक उसकी इच्छा थी इस धनराशि को वह कोरोना महामारी से बचने के लिए दान देगा। इस पर परिवार के सदस्य बालक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी के कार्यालय में जाकर मिले। उनके सामने ही गोलक तोड़कर 5 हजार 175 रुपये दान दिया। यह देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे शाबासी दी। बालक के हौसले को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने वहीं केक कटवाकर बालक का जन्मदिन मनाया।