चित्रकूट। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों ने जिले की बिजली की व्यवस्था का हाल बेहाल होने की बात बताई। इस पर एमडी ने कहा कि कुछ तकनीकी खराबी के चलते ऐसा होता है। अब निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल व किसान यूनियन द्वारा ट्रांसफार्मर व विद्युत की समस्या तथा विद्युत कर्मचारियों की शिकायत की गई। मानिकपुर विधायक अविनाश चंद द्विवेदी ने विजिलेंस टीम के भ्रष्टाचार व शिकायत सहित अन्य समस्याओं से प्रबंध निदेश को अवगत कराया। सभी एसडीओ को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर कनेक्शन कराया जाए।ं जिन घरों में कनेक्शन नहीं है, वहां बिल नहीं भेजा जाना चाहिए। कहा कि एसडीओ व जेई व्हाट्सएप ग्रुप में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व मीडिया कर्मियों को भी जोड़ें। सभी एसडीओ जनप्रतिनिधियों के साथ गांव में चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण करें व उन्हें जागरूक करें।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, उपजिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, डीसी एनआरएलएम ओपी मिश्रा, मुख्य अभियंता बांदा राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता आरके यादव, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार, अधिशासी अभियंता विपिन कुमार सहित अन्य अधिशासी अभियंता, किसान यूनियन अध्यक्ष राम सिंह पटेल, जिला महामंत्री मनोज तिवारी आदि मौजूद रहे।