बैठक मे निर्देश देतीं डीएम मोनिका रानी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दो अधिकारियों के गैरहाजिर मिलने पर नाराज डीएम ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही आधार कार्ड की फ ीडिंग की गति धीमी होने पर कहा कि काम में तेजी लाने की हिदायत दी।
डीएम मोनिका रानी ने लाभार्थियों के आधार कार्ड की फीडिंग व आधार बेस पेमेंट की प्रगति कम होने पर नाराजगी जताई। खंड विकास अधिकारियों से कहा कि विभाग वार, वर्षवार कराए गए कार्यों का विवरण फोटो सहित तैयार कर मुख्य विकास अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने बेड़ पुलिया से राम घाट, परिक्रमा मार्ग तक सड़क के चौड़ीकरण के कार्य की प्रगति की जानकारी मांगी। निर्देश दिए कि इस रास्ते में जिन-जिन विभागों के तार, पोल, हैंडपंप, पाइप लाइन, पेड़ आदि हैं तो वे तत्काल उसे शिफ्ट कराएं।
प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री की घोषणा के कार्यों में जो भी आपत्तियां वन विभाग ने लगाई गई है, उनका निस्तारण तत्काल कराएं ताकि विकास कार्य समय से पूर्ण हो सकें। डीएम ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिशासी अभियंता और राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक के लगातार कई बैठक में गैरहाजिर रहने पर सीडीओ को निर्देश दिए कि दोनों का वेतन रोका जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ए दिनेश कुमार, जिला विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण मिश्र, परियोजना निदेशक ज्ञानेंद्र त्रिवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी रामपाल सिंह, उप निदेशक कृषि जगदीश नारायण, अर्थ एवं संख्याधिकारी दिल्लीपति आदि अधिकारी उपस्थित रहे।