चित्रकूट। जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पोषण समिति की कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से कहा कि जिन बाल विकास परियोजना अधिकारियों की प्रगति ठीक नहीं है, उनसे स्पष्टीकरण लेते हुए विभागीय कार्रवाई कर उनका वेतन रोका जाए। यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सत्यापन कर प्रगति बढ़ाएं।
कहा कि स्वास्थ्य विभाग के जिन बिंदुओं पर कमी हुई है, उसमें स्वास्थ्य विभाग व बाल विकास परियोजना अधिकारी से जवाब तलब अवश्य कराएं। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी मानिकपुर व जिला पूर्ति अधिकारी के उपस्थित न होने पर उन्हें जवाब तलब किए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने आजीविका मिशन के लोगों को निर्देश दिए कि ब्लाकवार जिन केंद्रों पर खाद्यान्न वितरित नहीं हुआ है, उसका कारण सहित विवरण उपलब्ध कराया जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाने वाले दूध व मिल्क पाउडर की व्यवस्था न होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास मनोज कुमार को निर्देश दिए कि इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जाए। कहा कि पोषाहार वितरण का नोडल अधिकारियों से सत्यापन कराया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वाटिका बनाने का शत प्रतिशत सत्यापन कर प्रगति कराएं तथा एकरूपता होना चाहिए। सीडीओ अमित आसेरी, एसडीएम कर्वी राम प्रकाश, डीसी मनरेगा दयाराम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, जिला उद्यान अधिकारी रमेश कुमार पाठक, डिप्टी आरएमओ संजय श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी राजबहादुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी कर्वी पीडी विश्वकर्मा, पहाड़ी महेंद्र कुमार पटेल, रामनगर वीरेंद्र कुशवाहा, शहर बीएल गुप्ता व पिरामल संस्था के लोग मौजूद रहे।