संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। शहर के मिशन रोड पर तीन साल पहले सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर तो बना दियालेकिन सड़क चौड़ी नहीं की। फुटपाथ पर हुए अतिक्रमण ने जाम की समस्या को और बढ़ा दिया है। इससे वाहनों के निकलने में भारी परेशानी हो रही है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
धनुष चौराहे से एलआईसी तिराहे तक मिशन रोड पर डिवाइडर बनने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने और गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, जिससे बड़े वाहनों के निकलने पर जाम लग जाता है।
पूर्व सभासद पुरुषोत्तम पांडेय ने बताया कि यह शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। सड़क के दोनों ओर दुकानें होने के साथ ही राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और परिषदीय स्कूल भी यहीं स्थित हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को आने-जाने में दिक्कत होती है।
अधिवक्ता राजेश सिंह चौहान का कहना है कि सड़क के दोनों ओर फुटपाथ पर अतिक्रमण भी एक बड़ी समस्या है, जो जाम का कारण बनता है। कम जगह होने के कारण कई बार बाइकें डिवाइडर से टकराकर चालक घायल हो चुके हैं। उधर, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी लाल जी यादव ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर चेतावनी दी जा रही है और यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।