फोटो 25 सीकेटीपी-27- परिचय-शहर के इफ्को गोदाम के पास खाद के लिए किसानों की लगी भीड़। संवाद
चित्रकूट। सहकारी केंद्रों सहित इफ्को केंद्रों में खाद लेने के लिए मंगलवार को किसानों की लंबी लाइन लगी रही। तेज धूप में लाइन में लगे भैंसौंधा निवासी एक दिव्यांग किसान कैरा प्रसाद बेहोश हो गए। अन्य किसानों ने पानी डालकर उनकी मदद की, तब जाकर किसान होश में आया।
किसानों ने बताया कि खाद लेने के लिए वे सहकारी केंद्रों में गए थे, लेकिन केवल वही किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही थी जो सहकारी समिति के सदस्य हैं और कृषि विभाग के फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल में पंजीकृत हैं। इससे कई किसान निराश होकर लौट गए।
किसान रामकिशुन ने बताया कि सहकारी केंद्रों पर केवल 500 बोरी खाद भेजी जाती है, जो तीन दिन के अंदर ही समाप्त हो जाती है। मंगलवार को भी ऐसा ही कई स्थानों पर देखने को मिला। मानिकपुर के किहुनिया गांव के किसान ने बताया कि केंद्र में डीएपी खाद लेने गए तो कहा गया कि खाद खत्म हो गई है। राजू द्विवेदी ने बताया कि वे दो दिन से खाद लेने के लिए केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं। नई रैक आने पर ही खाद दी जाएगी।
सहायक उपायुक्त सहकारिता राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस साल 28.33 एमटी खाद बांटने का लक्ष्य था, लेकिन अब तक 38 एमटी खाद किसानों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। 1077 एमटी खाद की एक रैक बहुत जल्द आने वाली है।
फोटो 25 सीकेटीपी-27- परिचय-शहर के इफ्को गोदाम के पास खाद के लिए किसानों की लगी भीड़। संवाद