नगर के शत्रुघनपुरी, अंबेडकरनगर पासी तिराहा निवासी लोग गंदगी से बेहाल है। मोहल्ले की नालियां पट चुकी हैं और गलियों में बदबूदार पानी भरा है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी खली प्लाट में एकत्र होता है। जिससे मच्छरों का प्रकोप है। दुर्गंध के कारण सांस लेना दुश्वार रहता है। लोगों का आरोप है कि इस बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, मगर समस्या का समाधान करने के बाद बजाय उन्हें भगा दिया जाता है।
अंबेडकरनगर पासी तिराहा के पास गंदगी का अंबार होने से लोग बेहाल है। मोहल्ले के चुन्नीलाल, जुग्गीलाल, अमर सिंह ने बताया कि कई साल से नालियां पूरी तरह गंदगी से पटी हैं। ऐसे में घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बहता है। जिससे दुर्गंध होती है और उसी के बीच से होकर निकलना पड़ता है। इस बारे में नगर पालिका के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया और नई नाली बनवाने व गंदगी साफ कराने की मांग की गई, मगर सुनवाई नहीं है।
कई बार विभाग के चक्कर लगाने पर अब अधिकारी डांटकर भगा देते हैं। समस्या का समाधान के लिए मोहल्लावासी डीएम नीलम अहलावत से भी मिले और ज्ञापन देकर समाधान मांगा। लोगों ने डीएम को बताया कि पहले नाली का गंदा पानी एक खाली प्लाट में एकत्र होता था। अब प्लाट पर निर्माण शुरू हो गया है, जिससे जल निकासी बंद है और सड़क पर जलभराव होने लगा है। जिसकी शिकायत कई बार नगर पालिका में की गई है।
आलम यह है कि सड़क और खाली प्लाट में गंदगी जमा होने के कारण जानवरों का झुंड एकत्र होता है। जिससे हादसे का डर भी बना रहता है। ज्ञापन देने वालों में हीरालाल, रामगोपाल, रामचरन, राधेश्याम, चंद्रभान, मोतीलाल, सुरेश, शिवचरन, पूरनदास, सुदामा, कुसमा, मनोज कुमार आदि रहे।