ड्रोन की नजर में मौनी अमावस्या के पूर्व शहर में वाहनों की कतार।
- फोटो : पुलिस विभाग
चित्रकूट/खोही/बरगढ़/राजापुर। मौनी अमावस्या के दो दिन पूर्व ही चित्रकूट तीर्थ स्थल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचे। जिसमें ज्यादातर श्रद्धालु अमावस्या में मंदाकिनी में डुबकी लगाने के बाद प्रयागराज महाकुुंभ में शामिल होने वाले हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी हो गई कि चारों तरफ भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है। रामघाट से शहर तक के आने जाने वाले मार्ग को वन वे कर दिया गयाहै। चित्रकूट यूपी एमपी के डीएम व एसपी ने मेला क्षेत्र में पड़ाव डाल दिया है। राजापुर व बरगढ़ में प्रयागराज जाने वाले वाहनों को दो दो घंटे के लिए रोका जा रहा है।
महाकुुंभ मेला के लिए देश के कई प्रांतों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज के अलावा चित्रकूट भी आ रहे हैं। बुधवार को मौनी अमावस्या पर इस बार 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके पूर्व सोमवार को ही चार से पांच लाख श्रद्धालुओं का धर्मनगरी में जमावड़ाहो गया। रामघाट से लेकर जिला मुख्यालय, हाईवे के प्रयागराज की सीमा स्थली बरगढ़ व राजापुर की सडक़ों पर वाहनों के काफिले ही दिख रहे हैं। हर आधे घंटे में बेडीपुलिया, बस स्टैंड, सीमा स्थली पर जाम की स्थिति बन रही है। हालत यह है कि अब रामघाट या अन्य तीर्थस्थल जाने वाले सभी मार्ग वन वे कर दिये गये हैं। सोमवार को श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान कर पूजा पाठ किया।भगवान कामदनाथ के दर्शन कर कामदगिरी परिक्रमा लगाया। जगह- जगह पुलिस के जवान यूपी व एमपी सीमा मेें लगे हुए हैं। मेला क्षेत्र में चित्रकूट डीएम शिवशरणप्पा व एसपी अरुण कुमार सिंह के अलावा जानकीकुंड में सतना डीएम अनुराग वर्मा व एसपी आशुतोष गुप्ता ने पड़ाव डाल दिया है। हर आधे एक घंटे में मेला क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
ड्रोन से सुरक्षा का लिया जायजा
मेला क्षेत्र से लेकर राजापुर व बरगढ़ में श्रद्धालुओं के वाहनों व श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हर स्थान पर दिन रात पुलिस टीम की गश्त बढा दी गई है। ड्रोन कैमरेसे भी नजर रखी जा रही है। यह क्रम फिलहाल 30 जनवरी तक रहेगा।
30 तक शहर में ट्रक प्रतिबंधित
मेले में श्रद्धालुओं व वाहनों की संख्या बढ़ने पर जिला प्रशासन ने सतना व बोड़ी पोखरी से राजापुर के रास्ते गुजरने वाले खनिज सामग्री लदे ट्रकों के आवागमन को रोक दियाहै। इसके पूर्व प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर इनका आवागमन पहले से रोका गया है। यह रोक अभी 30 जनवरी तक रहेगी।