चित्रकूट। कन्या भोज कराने सदर कोतवाली क्षेत्र के डिलौरा लोसरिया के चौसठ माता देवी मंदिर आए बांदा के लोहरा कमासिन के श्रद्धालुओं को एक दर्जन से अधिक लोगों ने रास्ते पर रोककर मारपीट की। महिलाओं के गले व हाथ में पहने जेवर लूट लिए। लूट व मारपीट के दौरान महिलाएं चिल्लाती रहीं तभी अज्ञात लोगों ने कोतवाली में सूचना दी। कोतवाली टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भाग चुके थे और पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया है।
मंगलवार को लोहरा निवासी रामप्रकाश ,ओमप्रकाश, अजय, प्रीतम, राजन पुत्रगण प्रीतम, बच्ची देवी पत्नी प्रीतम, नथिया पत्नी ओमप्रकाश, लालमनी पत्नी अजय, राकेश पुत्र चुनकू, चुनकू पुत्र जवाहर, फूलादेवी पत्नी चुक्कू अपने निजी वाहन से सदर कोतवाली क्षेत्र के डिलौरा लोसरिया गांव स्थित देवी मंदिर में कन्या भोज कराने आए थे। श्रद्धालुओं ने बताया कि देर शाम को जब वह लौट रहे थे तभी रास्ते में लूट की घटना हुई। पीड़ितों ने बताया कि कोतवाली में तहरीर दी है। आरोपी लगभग एक लाख के जेवर व नगदी लूट ले गए हेैं।