राजापुर। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर पंचायत राजापुर के सीमा विस्तारित मोहल्लों में तीन करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई है। इन कार्यों के लिए 1.49 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। इससे करीब 10 हजार लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
15 वार्डों की नगर पंचायत राजापुर पहले एक वर्ग किमी में फैली थी। सीमा विस्तार में नगर पंचायत का दायरा बढ़कर दो किमी हो गया। वर्ष 2022 में हुए निकाय चुनाव से पहले यहां का सीमा विस्तारण हुआ था, इस सीमा विस्तार में नगर पंचायत की सीमा से सटे गांव पाराकू, खटवारा, चिल्लीलाकस, मझिगवां को नगर पंचायत में शामिल किया गया था। बाद में यहां पर दीन दयाल नगर, कालिंदी नगर, आजाद नगर, काशीनगर, गोस्वामी नगर, रानी लक्ष्मीबाई नगर बनाए गए थे। नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद इन वार्डों के बाशिंदे शहरी सुविधाओं से वंचित थे।
इसे देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने इन वार्डों को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना तैयार की गई थी। कार्ययोजना में चयनित मोहल्लों में आरसीसी सड़कों, नाला-नाली निर्माण एवं मार्ग प्रकाश व्यवस्था शामिल किए गए थे। इनके अलावा दो विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत व किचनशेड निर्माण के प्रस्ताव थे। बाद में करीब तीन करोड़ के विकास प्रस्तावों को मंजूरी के लिए भेजा गया था। जिस पर शासन ने अपनी मुहर लगा दी है।
साथ ही स्वीकृत बजट के सापेक्ष 1.49 करोड़ की पहली किस्त भी जारी कर दी है। ऐसे में अब चयनित मोहल्लों में सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। साथ ही नालियों का भी निर्माण होगा। मोहल्लों की गलियों को रात में रोशन करने के लिए बिजली की व्यवस्था होगी। यह निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगा।
बोले जिम्मेदार
मुख्यमंत्री सृजन नगर विकास योजना में नगर पंचायत राजापुर के सीमा विस्तारित मोहल्लों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए शासन से 1.49 करोड़ की पहली किश्त मिल गई है। जल्द मोहल्लों में विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। -संजीव मिश्रा, अध्यक्ष नगर पंचायत राजापुर।