चित्रकूट। शहर से सटे शोभा सिंह पुरवा के शुक्लन पुरवा में फिर से डेंगू क ा प्रकोप बढ़ने लगा है। इसको लेकर स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि डेंगू के प्रकोप को कम करने के लिए खाना पूर्ति करी जा रही है और मरीज बढ़ते जा रहे हैं। एक पखवाड़ृा पूर्व भी इसी पुरवा के आस पास डेंगू के लक्षण वाले सैकड़ों मरीज मिले थे।
शुक्लन पुरवा में कई परिवार के सदस्यों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। ये लोग कोरोना की जांच से बचने के लिए जिला अस्पताल की जगह प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहे है। अधिवक्ता बद्री प्रसाद त्रिपाठी, श्रीकांत शुक्ला व कमलेश कुमार ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय से मोहल्ले में डेंगू का प्रकोप फैला है।
स्वास्थ्य विभाग दवा का छिड़काव कर खाना पूर्ति कर रहा है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बताया कि मोहल्ले में जल भराव की वजह से डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. विनोद कुमार का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में छिड़काव कराया है।
इन मरीजों के डेंगू होने की पुष्टि नहीं है। मरीजों से मिलकर जिला अस्पताल में इलाज कराने के लिए भी कहा गया है, लेकिन वे जिला अस्पताल में इलाज नहीं करा रहे है। इससे सही इलाज भी नहीं हो पा रहा है। टीम जब बस्ती में जाती है, तो ये लोग टीम के पास नहीं आते हैं।